बुनकरों के हित में लोकभवन में बड़ी पहल: अरशद जमाल के नेतृत्व में हुई महत्वपूर्ण बैठक
लखनऊ स्थित लोकभवन में आज उत्तर प्रदेश के बुनकरों के भविष्य को लेकर एक महत्वपूर्ण दिन रहा। माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार, हथकरघा विभाग के उच्च अधिकारियों और बुनकर प्रतिनिधियों के बीच दो चरणों में विशेष बैठकें संपन्न हुईं।
इस संवाद का मुख्य केंद्र बुनकरों की बिजली समस्या और उनके आर्थिक विकास के मुद्दे रहे। पहले सत्र में मेरठ के विधायक श्री रफीक अंसारी के नेतृत्व में चर्चा हुई, जिसके बाद अरशद जमाल (पूर्व चेयरमैन, मऊ) के नेतृत्व में बुनकर प्रतिनिधियों की दूसरी बैठक हुई। इस बैठक में बुनकरों की मांगों को मजबूती से रखा गया और विभाग के अधिकारियों ने उन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
“बुनकरों की समस्याओं का स्थायी समाधान हमारी प्राथमिकता है। आज की वार्ता काफी संतोषजनक रही है और मुझे पूरा विश्वास है कि गरीब बुनकरों के हक में जल्द ही कोई बड़ा फैसला आएगा।” — अरशद जमाल
बैठक में बनारस से अतीक अंसारी, टांडा से कासिम अंसारी और लोहता से शमीम नोमानी भी शामिल रहे। अच्छी बात यह रही कि सभी प्रतिनिधि अब एकजुट होकर एक ही राय में अपनी बात रख रहे हैं। अंतिम निर्णय माननीय मुख्यमंत्री जी के पास फाइल जाने के बाद लिया जाएगा, लेकिन आज की चर्चा ने एक नई उम्मीद जगाई है।
